बागेश्वर: क्षेत्र पंचायत सदस्य छटिया प्रमोद जोशी, ग्राम प्रधान स्याली चंदन फर्स्वाण और ग्राम प्रधान ग्वाड़ पजेना मनोज कुमार ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर क्षेत्र में पुल निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पुल का निर्माण होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान आवाजाही में आने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी। उन्होंने पुल निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू करने का आग्रह किया।
ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित पुल के स्थान, पहुंच मार्ग और निर्माण की आवश्यकता का जायजा लिया जाएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि स्थलीय निरीक्षण के बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
