बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बुधवार को तहसील परिसर में निर्माणाधीन चिल्ड्रेन पार्क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पार्क का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने, 15 जून तक पार्क में मेक्सिकन कारपेट घास लगाने के साथ ही मेन पावर बढ़ाते हुए आगामी दो माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए सुरक्षित और आकर्षक खेल उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में वॉकिंग पाथ विकसित करने तथा पार्क के समीप वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के लिए बेंच लगाने को भी कहा, ताकि यह स्थल बच्चों, अभिभावकों और वरिष्ठ नागरिकों सभी के लिए उपयोगी बन सके।
जिलाधिकारी ने पार्क परिसर में स्वच्छता, हरियाली और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण से नगरवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उपजिलाधिकारी को चिल्ड्रेन पार्क के समीप क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित करने तथा तहसील परिसर में खड़े अनावश्यक वाहनों को हटाने के निर्देश दिए, जिससे पार्क के आसपास सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय भारती ने बताया कि पार्क में बच्चों के लिए मेरी-गो-राउंड, डोम क्लाइंबर, झूले, रोलर स्लाइड, टायर मल्टी प्ले स्टेशन, जिप लाइन एवं एलीफेंट स्लाइड जैसे आधुनिक खेल उपकरण लगाए जा रहे हैं। इस दौरान उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, नायब तहसीलदार रितु गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
