पिथौरागढ़ में परिवहन विभाग की परियोजनाओं का डीएम ने किया निरीक्षण, सॉफ्टवेयर इंस्टॉलेशन जल्द पूरा करने के निर्देश

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को जनपद पिथौरागढ़ में परिवहन विभाग की नव निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड बिल्डिंग, ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निर्माण एवं संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड बिल्डिंग के निर्माण कार्य की स्थिति देखी। भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा पाया गया, जबकि फिनिशिंग से संबंधित कुछ कार्य अभी शेष हैं। जिलाधिकारी ने इन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को निर्धारित समय पर संचालित किया जा सके और इसका लाभ आमजन को मिल सके।

इसके बाद उन्होंने ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निरीक्षण किया। यहां दोपहिया, चारपहिया हल्के वाहनों और भारी वाहनों के ड्राइविंग टेस्ट के लिए तैयार की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने ट्रैक की सुविधाओं और संचालन से संबंधित तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली।

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेशन में स्थापित मशीनों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को देखा। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक मशीनों की इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि स्टेशन के संचालन के लिए जरूरी सॉफ्टवेयर की स्थापना अभी बाकी है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी और परियोजना निदेशक, निर्माण इकाई, पेयजल निगम पिथौरागढ़ को सॉफ्टवेयर इंस्टॉलेशन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का संचालन समयबद्ध तरीके से शुरू होना चाहिए, ताकि परिवहन संबंधी सुविधाओं का लाभ आम लोगों को मिल सके। उन्होंने भवन के शेष फिनिशिंग कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नवनिर्मित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय तक शहर से आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाले मोटरमार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि मार्ग वर्तमान में कच्चा और संकरा है। इस पर उन्होंने मार्ग को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि मोटरमार्ग को परिवहन के लिए सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के संचालन के साथ आमजन, अधिकारियों और कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक हरीश प्रकाश, अधिशासी अभियंता डीएम गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अभिनव गहतोड़ी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News