SSB की महिला पर्वतारोहण टीम माउंट श्रीकंठ अभियान के लिए रवाना
देहरादून। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की महिला पर्वतारोहण टीम को माउंट श्रीकंठ अभियान के लिए राज्यपाल, उत्तराखंड श्री गुरमीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अभियान दल में शामिल महिला पर्वतारोहियों के उत्साह, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की गई।
फ्लैग-ऑफ समारोह में सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक श्री संजय सिंघल, उत्तराखंड पुलिस के महानिदेशक श्री दीपम सेठ, SSB के महानिरीक्षक श्री संजीव कुमार शर्मा, सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक श्री अमित कुमार, पद्मश्री चंद्र प्रभा ऐतवाल तथा एवरेस्टर श्रीमती सुमन कुटियाल सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान दल का नेतृत्व एवरेस्टर एवं SSB के वरिष्ठ क्षेत्राधिकारी श्री सुबोध कुमार चंदोला कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल एवं उपस्थित अतिथियों को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि SSB की युवा महिला पर्वतारोही पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ माउंट श्रीकंठ के सफल आरोहण के लिए तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि SSB का लक्ष्य वर्ष 2028 में एक महिला पर्वतारोहण दल को माउंट एवरेस्ट के आरोहण के लिए तैयार करना है। इसी लक्ष्य की दिशा में महिला पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी अभियानों का अनुभव देने के लिए माउंट श्रीकंठ अभियान आयोजित किया जा रहा है।
अभियान दल में कुल 16 सदस्य शामिल हैं। इनमें 10 पर्वतारोही, जिनमें 7 महिला पर्वतारोही शामिल हैं, तथा 6 प्रशासनिक कार्मिक हैं। दल उत्तरकाशी के लिए रवाना होगा और हर्षिल एवं धराली होते हुए करीब दो दिन की कठिन पैदल यात्रा के बाद लगभग 13,600 फीट की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप पहुंचेगा।
अभियान की कार्ययोजना के अनुसार करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर एडवांस बेस कैंप, 16,500 फीट पर कैंप-1 और लगभग 19,000 फीट की ऊंचाई पर समिट कैंप स्थापित किए जाने की योजना है। अभियान कार्यक्रम के तहत 6 और 7 अक्टूबर को माउंट श्रीकंठ के शिखर पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज एवं SSB का बल ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए अनुभवी चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी दल में शामिल किए गए हैं। संचार व्यवस्था के लिए दो संचार कर्मियों की तैनाती की गई है। आपातकालीन परिस्थितियों में हेली-एवैक्यूएशन की व्यवस्था भी रखी गई है।
फ्लैग-ऑफ समारोह के दौरान राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने महिला पर्वतारोहियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना की तथा अभियान की सफलता की कामना की। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर अभियान दल को रवाना किया।
SSB के इस अभियान से बल की महिला कार्मिकों को उच्च हिमालयी पर्वतारोहण में अपनी क्षमता और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। अभियान दल ने विश्वास जताया कि सभी के आशीर्वाद और शुभकामनाओं से माउंट श्रीकंठ के सफल आरोहण का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। यह अभियान SSB के पर्वतारोहण इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
