भवन निर्माण के दौरान लोहे का पाइप बिजली की लाइन से छूने पर हुआ हादसा, तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के विजयपुर में भवन निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक राजमिस्त्री की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार बिगुल निवासी 38 वर्षीय सूरज कुमार पुत्र गोपाल राम विजयपुर में एक मकान के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। शनिवार को काम के दौरान वह लोहे का पाइप उठाकर दूसरी जगह रख रहे थे। इसी दौरान पाइप मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से छू गया। करंट का तेज झटका लगने से सूरज कुमार गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा लेकर पहुंचे। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया कि दोपहर करीब 1:40 बजे परिजन उन्हें अस्पताल लाए, लेकिन जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलने पर कांडा पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर भेज दिया।

सूरज कुमार अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे बच्चों और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का भरण-पोषण उन्हीं पर निर्भर था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान खंतोली कमल कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि और उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी परिवार की आर्थिक सहायता करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News