जिलाधिकारी ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के दिए निर्देश
जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में एनकोर्ड (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा मादक पदार्थों एवं अवैध शराब से संबंधित मामलों में निरंतर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भांग की अवैध खेती को नष्ट करने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशे की रोकथाम के लिए प्रवर्तनात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियों को भी प्रभावी बनाया जाए। विशेष रूप से युवाओं एवं किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, उन्हें सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि बार एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित लाइसेंस एवं नियमों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए तथा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने औषधि नियंत्रण से संबंधित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। नारकोटिक एवं साइकोट्रोपिक औषधियों की बिक्री से संबंधित निर्धारित अभिलेखों, पंजीकरण एवं दस्तावेजों के रखरखाव की जांच की जा रही है। साथ ही, नियमानुसार चिकित्सकीय पर्चों एवं आवश्यक दस्तावेजों के संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने नशे की समस्या से प्रभावित बच्चों एवं किशोरों की पहचान और सहायता के लिए शिक्षा, बाल कल्याण समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बच्चों की गोपनीयता एवं गरिमा का ध्यान रखते हुए उन्हें उचित परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नशे की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी, प्रभावी कार्रवाई, जनजागरूकता एवं आवश्यक पुनर्वास संबंधी प्रयासों को समन्वित रूप से आगे बढ़ाया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान ठेलापाटन में निर्माणाधीन नशा मुक्ति केंद्र की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य शीघ्र गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बैठक में इसकी अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, औषधि निरीक्षक पूजा रानी, पुलिस निरीक्षक सल्लाउद्दीन, एसीएमओ अनुपमा ह्यांकी, मुख्य कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


