मंडलसेरा में 12वीं की छात्रा की मौत से सनसनी, किराए के कमरे में मिला शव

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर के मंडलसेरा क्षेत्र स्थित जीतनगर में कक्षा 12 की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 18 वर्षीय छात्रा अपने किराए के कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आंचल आर्या (18) पुत्री अजय चंद, निवासी जीतनगर, मंडलसेरा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) नुमाइशखेत में कक्षा 12 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई के सिलसिले में किराए के कमरे में रह रही थी। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया।

पुलिस ने छात्रा के शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि शिक्षण संस्थान और क्षेत्र में शोक की लहर है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News