धपौली के जंगल में लगी आग पर फायर टीम ने पाया काबू, पेट्रोल पंप को बचाया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: कांडा रोड स्थित धपौली क्षेत्र में मंगलवार शाम जंगल में लगी आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलते हुए पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन बागेश्वर की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और संभावित खतरे को टाल दिया।
फायर विभाग के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6:20 बजे एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि कांडा रोड, धपौली स्थित पेट्रोल पंप के पास जंगल में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी एफएसएसओ दिनेश चंद्र पाठक के निर्देशन में फायर यूनिट मिनी वाटर टेंडर वाहन के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि वनाग्नि तेजी से फैल रही थी और आसपास की वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ ही नजदीक स्थित पेट्रोल पंप भी आग की चपेट में आने के खतरे में था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने तुरंत मिनी वाटर टेंडर से पंपिंग शुरू कर होजरील की सहायता से आग बुझाने का अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से पेट्रोल पंप और आसपास की वन संपदा को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
अग्निशमन अभियान में एलएफएम त्रिलोक राम, चालक सूर्य प्रकाश, एफडब्ल्यू अंजना सुप्याल, एफडब्ल्यू रीता राणा, एफडब्ल्यू लोकेश और एफएम दीपक कुमार शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News