कुमाऊँ, नागा रेजिमेंट एवं कुमाऊँ स्काउट्स के गौरव सेनानियों ने समाज सेवा और एकजुटता का लिया संकल्प

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। कुमाऊँ रेजिमेंट, नागा रेजिमेंट एवं कुमाऊँ स्काउट्स के गौरव सेनानियों (पूर्व सैनिकों) की त्रैमासिक बैठक लालपुर नायक स्थित कैप्टेन बहादुर सिंह महरा के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेजर के.एस. महरा ने की, जबकि बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने इसमें भाग लेकर संगठनात्मक मुद्दों, पूर्व सैनिक कल्याण और सामाजिक दायित्वों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ अध्यक्ष कैप्टेन एम.एस. राठौड़ ने किया। इस अवसर पर कर्नल बी.एस. रौतेला ने 83 वर्षीय वरिष्ठ पूर्व सैनिक कैप्टेन बहादुर सिंह महरा को कुमाऊँ रेजिमेंट की कैप और टाई पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कैप्टेन महरा अपनी उम्र के बावजूद आज भी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

बैठक में कैप्टेन बी.सी. पाठक ने संगठन की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की। कर्नल रौतेला ने बताया कि हल्द्वानी में पूर्व सैनिकों के लिए स्टेशन कैंटीन स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। साथ ही उन्होंने सैनिक विश्राम गृह को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला भवन में विकसित करने की मांग उठाई, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कर्नल रौतेला ने हाल के दिनों में कुछ पूर्व सैनिकों के साथ हुई धोखाधड़ी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सभी को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने भूमि खरीदने वाले पूर्व सैनिकों से सुरक्षा के लिए समय रहते बाउंड्री वाल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार और सेवा के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं, इसलिए स्वयं तथा अपने आश्रितों को योग्य और सक्षम बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पूर्व सैनिक के साथ दुर्घटना, बीमारी या अन्य विपरीत परिस्थिति होने पर संगठन को तुरंत सूचना दी जाए, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी संपर्क बनाए रखने और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया।

बैठक में कैप्टेन बी.एस. महरा, कैप्टेन नारायण दत्त पाण्डेय, कैप्टेन आर.एस. अधिकारी, कैप्टेन खिला नन्द चिलकोटी, कैप्टेन एच.एस. कपकोटी, कैप्टेन पुष्कर भंडारी, कैप्टेन नारायण सिंह, कैप्टेन कविंद्र सिंह बाफिला, कैप्टेन डी.जी. गोस्वामी, कैप्टेन गोविन्द सिंह रावत, सूबेदार मेजर नरेश दुर्गापाल, सूबेदार मेजर घनश्याम गड़िया, सूबेदार मेजर के.एस. कोरंगा सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “कालिका माता की जय” और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News