जैनी एफआईआर मामले में हरक सिंह रावत का बड़ा बयान, बोले-जांच में मिल चुकी है क्लीन चिट

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने जैनी प्रकरण को लेकर एक बार फिर अपनी बात रखते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच, न्यायालय, डीएनए और नार्को टेस्ट के जरिए उन्हें पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है। बागेश्वर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हरक सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत के दौरान जैनी एफआईआर मामले को लेकर विस्तार से अपना पक्ष रखा।

हरक सिंह रावत ने कहा कि जब पहली बार उन पर आरोप लगाए गए थे, तब उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए बिना किसी दबाव के कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने खुद इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी। इसके साथ ही डीएनए और नार्को टेस्ट कराने की भी बात कही थी, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक वह विधानसभा नहीं जाएंगे। इस दौरान करीब एक साल तक उन्होंने खुद को सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रखा। वह न तो किसी शादी समारोह में शामिल हुए, न सार्वजनिक कार्यक्रमों में गए और न ही अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे।

महिला की उम्र को लेकर भी हरक सिंह रावत ने सीबीआई जांच का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देहरादून अस्पताल की रिपोर्ट में महिला की उम्र 21 वर्ष दर्ज थी, जबकि सीबीआई की रिपोर्ट में उम्र 22 वर्ष बताई गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित महिला को बरेली पुलिस ने नारी निकेतन में रखा था।

रावत ने कहा कि जांच में क्लीन चिट मिलने के बाद भी उन्होंने इस प्रकरण को लेकर जनता के सामने अपना पक्ष रखना जरूरी समझा। इसके लिए उन्होंने लैंसडाउन में आयोजित एक जनसभा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और सुरेश पचौरी की मौजूदगी में उन्होंने जनता की अदालत में अपनी बात रखी थी।

हरक सिंह रावत के मुताबिक, उन्होंने जनता के सामने अपनी सफाई रखी और इसके बाद जनता ने चुनाव में उन्हें जीत दिलाकर अपना फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही जांच के पक्षधर रहे और चाहते थे कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, जिससे सच्चाई सभी के सामने आ सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News