इंडिया स्किल्स 2026: युवाओं के लिए राष्ट्रीय मंच, पंजीकरण शुरू

खबर शेयर करें -

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित इंडिया स्किल्स 2026 प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के प्रतिभाशाली युवाओं की तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षताओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फैशन टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग, रोबोटिक्स, कुकिंग, ब्यूटी थेरेपी, हेयर ड्रेसिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन तथा प्लंबिंग सहित 63 विभिन्न कौशल क्षेत्रों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त होगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए बताया कि 16 से 23 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त, 2026 तक भारत सरकार के SIDH पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
पंजीकरण हेतु वेब साइट www.skillindiadigital.gov.in पर लॉगिन किया जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी www.worldskillsindia.co.in पर विजिट कर सकते हैं अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय के दूरभाष संख्या 05963-220110 पर कार्यालय समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News