सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा जन-जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र, बागेश्वर द्वारा स्थानीय उत्पादों एवं स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ताम्र उत्पाद, थुलमा एवं ऊनी उत्पाद, हस्तशिल्प, काष्ठ उत्पाद सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों एवं आमजन को स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाने तथा इनके उपयोग को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई।
राजकीय वृद्ध एवं असशक्त आवास गृह में होम्योपैथिक विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविर में 31 लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन एवं रक्तचाप की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं। जनपद के विभिन्न होम्योपैथिक चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान, गोष्ठी, पुष्पांजलि एवं रंगोली कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
पंचायती राज विभाग द्वारा सरयू बगड़ में स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह, सेवा संकल्प अभियान एवं आंगन मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत बागेश्वर, गरुड़ एवं कपकोट के आंगनबाड़ी केंद्रों तथा वन स्टॉप सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पोषण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
