बागेश्वर में पशु औषधि भंडारों का निरीक्षण, सुरक्षित भंडारण और गुणवत्ता पर दिया गया जोर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में जिले में पशु उपयोगार्थ औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक सुश्री पूजा रानी ने केंद्रीय औषधि भंडार, पशुपालन विभाग तथा जिला पशु चिकित्सालय, बिलौना स्थित औषधि भंडार का विस्तृत नियामकीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान औषधियों की भंडारण व्यवस्था, तापमान नियंत्रण, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) के अनुरक्षण, स्टॉक रजिस्टर, औषधियों की प्राप्ति एवं निर्गमन संबंधी अभिलेख, एक्सपायरी प्रबंधन तथा गुड स्टोरेज प्रैक्टिसेज (जीएसपी) के अनुपालन का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही उपलब्ध दवाओं की भौतिक स्थिति और रिकॉर्ड का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

औषधि निरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औषधि भंडार में उच्च स्तर की स्वच्छता एवं हाउसकीपिंग बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी पशु औषधियों का भंडारण निर्माता द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि उनकी गुणवत्ता और प्रभावकारिता बनी रहे। विशेष रूप से आर्द्रता के प्रति संवेदनशील औषधियों को नियंत्रित एवं शुष्क वातावरण में अलग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सभी वैधानिक अभिलेखों का नियमित रूप से अद्यतन संधारण करने और औषधि भंडारण से जुड़े नियामकीय प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए, जिससे भविष्य में औषधि भंडारण प्रणाली और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बन सके।

औषधि निरीक्षक सुश्री पूजा रानी ने बताया कि ऐसे नियमित निरीक्षणों का उद्देश्य शासकीय संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और प्रभावी पशु औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। साथ ही औषधियों के भंडारण एवं वितरण तंत्र को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के अनुरूप सुदृढ़ करना भी इन निरीक्षणों का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न औषधि भंडारों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि पशुपालकों को बेहतर और सुरक्षित पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News