घर बैठे मोबाइल ऐप से करें e-KYC, समय सीमा के बाद राशन मिलने में आ सकती है दिक्कत
शासन के निर्देशों के तहत बागेश्वर जिले के सभी राशन कार्ड धारकों और यूनिटों के लिए 30 मई 2026 तक ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य कर दिया गया है. जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक e-KYC नहीं कराने वाले लाभार्थियों को भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे ने बताया कि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एनआईसी द्वारा “मेरा e-KYC” मोबाइल ऐप तैयार किया गया है. यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, जिसे आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है. इस ऐप की मदद से लाभार्थी घर बैठे ही अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि e-KYC के लिए लाभार्थियों को आधार नंबर, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी और फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग करना होगा. इससे लोगों को राशन की दुकानों या सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और असहाय व्यक्तियों के लिए यह सुविधा काफी लाभकारी मानी जा रही है.
पूर्ति विभाग ने सभी कार्ड धारकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी e-KYC प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी कर लें, ताकि उनकी राशन आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रह सके. विभाग की ओर से ऐप डाउनलोड करने का लिंक भी लोगों की सुविधा के लिए जारी किया गया है.
