कपकोट विधायक सुरेश गड़िया और स्थानीय महिला पर अभद्र टिप्पणी का आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में कपकोट विधायक सुरेश गड़िया और एक स्थानीय महिला के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी एवं भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में फरार आरोपी जग्गा गोस्वामी को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 जुलाई को स्थानीय महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं 2 अगस्त को विधायक के निजी संपर्क अधिकारी धर्मेंद्र सिंह दानू की तहरीर पर विधायक सुरेश गड़िया की छवि धूमिल करने और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज व भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी के घर सहित रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर और देहरादून में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और धारा 84 बीएनएसएस के तहत आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने मुखबिर सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी जगदीश गोस्वामी उर्फ जग्गा गोस्वामी 34 वर्ष, निवासी मानीखेत, बागेश्वर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश करेगी।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News