बागेश्वर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन प्रहार के तहत पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 17 अगस्त 2026 को वादी की तहरीर के आधार पर थाना कपकोट में एफआईआर संख्या 52/2026 दर्ज की गई थी। मामले में धारा 74, 78 बीएनएस और 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने थानाध्यक्ष कपकोट को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में कपकोट पुलिस टीम ने 18 अगस्त को आरोपी नदीम अली (19) पुत्र रफैदीन, निवासी ग्राम अब्बासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल और हेड कांस्टेबल प्रकाश शर्मा शामिल रहे।
