बागेश्वर। विधानसभा बागेश्वर के गरुड़ मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और मातृशक्ति ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही भारतीय सेना के जवानों के साहस, त्याग और बलिदान को याद किया गया। यात्रा के दौरान राष्ट्र सर्वोपरि और देश की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल देश का झंडा नहीं, बल्कि भारत की एकता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। सभी लोगों से जाति, पंथ और भेदभाव से ऊपर उठकर देशहित में एकजुट होने की अपील की गई।
इस अवसर पर बागेश्वर विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, गरुड़ ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, दिनेश बिष्ट, दया कृष्ण जोशी, वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्र फर्स्वाण सहित कई लोग मौजूद रहे। सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं ने भी यात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया।
