बागेश्वर। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ कथित तौर पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय ने मामले में कोतवाली बागेश्वर पहुंचकर पवन खेड़ा के खिलाफ तहरीर दी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। भूपेश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने राजनीतिक विद्वेष की भावना से मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए झूठे एवं अनर्गल आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उपाध्याय ने कांग्रेस नेता पर पूर्व में भी राजनीतिक षड्यंत्र के तहत आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण को लेकर उठे विवाद का भी उल्लेख किया। दर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस को दी गई तहरीर में पवन खेड़ा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई की जानी है।
