पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “साइबर सुरक्षा अभियान 2.0” के तहत पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध जनपद पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी व दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम दिनांक 17/08/2026 को अज्ञात साइबर ठग द्वारा बैंक अधिकारी बनकर जनपद के थाना काण्डा क्षेत्रान्तर्गत एक 77 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्री दिनेश चंद्र जोशी जी को झांसे में लिया गया था। ठग ने मोबाइल पर YONO ऐप खुलवाने के बहाने पीड़ित के बैंक खाते से कुल ₹4,69,999 की भारी-भरकम धनराशि अवैध रूप से पार कर दी थी । ऑनलाइन ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने सजगता दिखाते हुए तत्काल 1930 नेशनल साइबर हेल्पलाइन पर अपनी विधिक शिकायत दर्ज कराई थी।
प्राप्त शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए *पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा साइबर सैल बागेश्वर को तत्काल अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिये गये जिस पर थाना काण्डा में मु0अ0सं0-18/2026, U/S- 318(4)BNS, 66(C),66(D) IT ACT पंजीकृत कर विवेचना निरीक्षक राजेन्द्र सिंह बिष्ट के सुपुर्द की गयी। साइबर सेल बागेश्वर की तकनीकी टीम द्वारा वित्तीय ट्रांजैक्शन चेन को तुरंत ट्रैक किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठग द्वारा ट्रांसफर की गई ₹4,69,999 की संपूर्ण धनराशि को संदिग्ध बैंक खाते में तुरंत होल्ड (फ्रीज) करा दिया,* जिससे ठग उस रकम को निकाल नहीं सका।
इसके उपरांत *साइबर सेल द्वारा संबंधित बैंकों से विधिक पत्राचार कर आवश्यक बैंक विवरण व साक्ष्य जुटाए गए। सभी विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद, माननीय न्यायालय के आदेश के माध्यम से यह पूरी राशि पीड़ित दिनेश चंद्र जोशी के खाते में वापस (रिफंड) करा दी गई है।* अपनी डूबी हुई रकम शत-प्रतिशत वापस पाने पर वादी दिनेश चंद्र जोशी ने बागेश्वर पुलिस और साइबर सेल की टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका धन्यवाद व्यक्त किया ।
आम जनमानस से अपील:
साइबर ठगों से हमेशा सावधान रहें। कोई भी बैंक अधिकारी या प्रतिनिधि आपसे कभी भी फोन पर आपका ओटीपी (OTP), एटीएम पिन, सीवीवी (CVV), पासवर्ड या कोई रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता है। यदि आप किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते खातों को फ्रीज कर आपके पैसे सुरक्षित किए जा सकें।


