चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद में शुक्रवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:15 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए उड़ा था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद मारवाड़ी पुल के ऊपर हाथी पर्वत के समीप हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक सूचनाओं में हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यात्रियों की वास्तविक स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की संख्या, घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


