रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली के प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक होकर बाबा केदार को विदाई दी।
कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया बुधवार तड़के सुबह चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। मंदिर में निर्धारित परंपराओं के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बाबा केदार के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा धाम भक्तिमय हो गया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कपाट बंद होने के ऐतिहासिक और धार्मिक क्षण के साक्षी बनकर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कपाट बंद होने के धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान श्री केदारनाथ कीइ चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के जयकारे लगाकर डोली को विदाई दी। धाम से डोली के रवाना होते ही श्रद्धालुओं के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। कई श्रद्धालु डोली के साथ आगे की यात्रा पर भी रवाना हुए।
**तीन दिन में ऊखीमठ पहुंचेगी बाबा केदार की डोली**
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली का पहला रात्रि प्रवास 11 नवंबर को रामपुर में होगा। इसके बाद 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी। वहीं, 13 नवंबर को बाबा केदार की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।
**छह माह तक ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन**
केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद आगामी छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। सर्दियों में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण केदारनाथ धाम के कपाट बंद रखे जाते हैं। इस अवधि में ओंकारेश्वर मंदिर ही बाबा केदार की शीतकालीन पूजा का प्रमुख केंद्र रहेगा। अब श्रद्धालु अगले यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का इंतजार करेंगे।


