बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बागेश्वर में चल रही पांच दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन पपेट निर्माण और उसके शैक्षिक उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का विषय ‘Integrated Learning हेतु Child-Centred Teaching-Learning Material (TLM) निर्माण एवं Art, Craft तथा Toy-Based Pedagogy का प्रयोग’ है।
एमटी डीएल वर्मा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को पपेट बनाने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के पपेट तैयार कर उनके माध्यम से विज्ञान और गणित की विषय-वस्तु पर प्रस्तुतियां दीं।
कहानी, संवाद और प्रदर्शन के जरिए कठिन विषयों को बच्चों के लिए सरल और रोचक बनाने का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ गतिविधि में हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
प्रशिक्षण के दौरान कला आधारित और खिलौना आधारित शिक्षण को कक्षा-कक्ष में अपनाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को देखकर, करके और अनुभव के जरिए सीखने के अवसर मिलते हैं।
कार्यशाला प्राचार्य कमलेश्वरी मेहता, प्रभारी प्राचार्य डॉ. केएस रावत और विभागाध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र जोशी के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है। कार्यक्रम समन्वयक रुचि पाठक ने विभिन्न गतिविधियों का समन्वय किया। प्रशिक्षण में हरीश दफौती सहित अन्य एमटी और प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।


