बागेश्वर। रक्षाबंधन के पर्व को देशसेवा और सैनिकों के सम्मान से जोड़ते हुए भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर की ओर से 9 अगस्त को विशेष राखी निर्माण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला रविवार सुबह 9 बजे भारतीय रेड क्रॉस समिति भवन, बागेश्वर में होगी।
इस पहल का उद्देश्य देश की सीमाओं और विभिन्न सैन्य क्षेत्रों में तैनात जवानों तक बहनों के स्नेह और शुभकामनाओं का संदेश पहुंचाना है। कार्यशाला में प्रतिभागी अपने हाथों से आकर्षक और भावनात्मक राखियां तैयार करेंगे। तैयार राखियों को केआरसी रानीखेत, एसएसबी ग्वालदम समेत अन्य सैन्य क्षेत्रों में तैनात भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के जवानों तक भेजा जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और आत्मीयता का भी प्रतीक है। देश की रक्षा में अपने परिवार से दूर रहने वाले जवानों को यह महसूस कराने का प्रयास किया जाएगा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके त्याग व समर्पण का सम्मान करता है।
कार्यशाला का नेतृत्व भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर की वरिष्ठ सदस्य एवं कला शिक्षिका श्रीमती राजेश्वरी कार्की करेंगी। उन्होंने बहनों, कलाकारों, विद्यार्थियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
आयोजकों ने कहा कि एक छोटी-सी राखी सैनिक भाइयों के लिए अपनापन और सम्मान का बड़ा संदेश बन सकती है। अभियान का संदेश है हर घर से एक राखी, देश के हर वीर भाई के नाम
