बागेश्वर। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में कांग्रेस नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन को संघर्ष वाहिनी बागेश्वर ने समर्थन दिया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों, श्रमिकों, वर्करों और कार्यालय कर्मचारियों के सामने आ रही समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई।
संघर्ष वाहिनी बागेश्वर के जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि यह आंदोलन विभिन्न वर्गों के लोगों की समस्याओं और उनके कार्यों में उत्पन्न हो रही बाधाओं के समाधान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है। साथ ही, संबंधित कार्यों में बाधाएं आने से राजस्व हानि की आशंका भी बनी हुई है।
कवि जोशी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी से टकराव करना नहीं है, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करना है। उन्होंने संबंधित पक्षों से समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आम लोगों और कामगारों से जुड़ी समस्याओं का समय पर निस्तारण होना चाहिए, ताकि लोगों को अपने कार्य करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आंदोलन को समर्थन देने वालों में जिला प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, जिला महामंत्री संगठन नवनीत बिष्ट, जिला संरक्षक महेश कालाकोटी, सह सचिव राहुल कुमार, संजय उपाध्याय, विशाल रावत, रिजवान खान, नागेंद्र मनवाल, मनीष चौबे, दिव्यांशु वाणी, मनीष थापा, मोनिश खान, प्रेम पाठक, आशीष अंडोला और पंकज लोहनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


