सीडीओ का औचक निरीक्षण, कार्यालयों की व्यवस्थाएं परखी, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नरेश कुमार ने शनिवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयों की व्यवस्थाओं तथा संचालित विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, कार्यों की प्रगति और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीडीओ ने कार्यालयों में अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, सभी कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आमजन से संबंधित शिकायतों और प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता को मिल सके।

सीडीओ नरेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी, जवाबदेही और बेहतर कार्य संस्कृति अपनाने पर भी जोर दिया, ताकि विकास कार्यों में गति आए और लोगों को सरकारी सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News