कपकोट को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा उप जिला चिकित्सालय।

खबर शेयर करें -

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में कपकोट क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सौगात मिली है। कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किए जाने हेतु शासन स्तर पर 31 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

शासनादेश के अनुसार उप जिला चिकित्सालय कपकोट के संचालन के लिए प्रथम चरण में कुल 31 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 24 नियमित एवं 7 आउटसोर्स पद शामिल हैं। स्वीकृत पदों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, ऑर्थो सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी सर्जन, जीडीएमओ तथा चर्म रोग विशेषज्ञ सहित कुल 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ के 9 पद, प्रशासनिक स्टाफ के 4 पद तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर एवं वार्ड ब्वॉय/एमपीडब्ल्यू के 6 आउटसोर्स पद स्वीकृत किए गए हैं।

उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित होने से कपकोट तथा आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय या अन्य बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News