पर्ची बनवाने गया था बेटा, उधर खून की उल्टियों से बिगड़ी पिता की हालत, मौके पर मौत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 47 वर्षीय हरीश बिष्ट पुत्र हयात सिंह, निवासी होराली बनलेख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे और इलाज के लिए अपने बेटे के साथ जिला अस्पताल पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार हरीश बिष्ट का बेटा अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए लाइन में लगा हुआ था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में अचानक हरीश की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं। आसपास मौजूद लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत उन्हें इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मेधा के अनुसार मरीज को बेहद गंभीर हालत में इमरजेंसी में लाया गया था। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन लगातार ब्लीडिंग होने से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में मौजूद अन्य मरीज और तीमारदार भी इस घटना से भावुक नजर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी परिजनों को देने के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News