बागेश्वर नगर में चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने सेंधमारी कर करीब 90 हजार रुपये की नकदी और 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। इसके अलावा करीब पांच दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बता दे कि कल देर रात चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और सामान निकालता दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि बागेश्वर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल है। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि नगर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
वहीं व्यापारी राजेश जोशी ने बताया कि उनकी दुकान में भी चोरों ने सेंधमारी की। उन्होंने बताया कि दुकान से छह मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान नहीं चोरों ने अन्य आस पास की दुकानों में भी सेंधमारी का प्रयास किया है।
पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह ने बताया कि चोरी की जानकारी मिलते ही करीब पांच पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।
एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में नाराजगी है। अब पुलिस के सामने चोरों को जल्द पकड़ने के साथ नगर में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों का भरोसा कायम रखने की चुनौती है।
