बागेश्वर लीती गाँव में टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ सफल समापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा प्रायोजित एवं टूरिज़्म हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (THSC) के सहयोग से विद्या सोसाइटी द्वारा लीती गाँव में आयोजित 15 दिवसीय टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल (आईएएस) के मार्गदर्शन में किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राम सिंह कोरंगा रहे। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने प्रशिक्षण का प्रभावी उपयोग कर उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में योगदान दें।

कार्यक्रम में उत्तराखंड पर्यटन विभाग की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चंद वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विशिष्ट अतिथि श्री गोपाल सिंह, ग्राम प्रधान बड़ी पन्याली ने कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित युवा अपने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे।

श्रीमती मीना देवी, ग्राम प्रधान लीती गाँव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग, THSC एवं विद्या सोसाइटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सीमांत क्षेत्रों के युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में श्रीमती कालावती देवी (बीडीसी सदस्य), श्रीमती प्रेमा देवी (ग्राम प्रधान, शामा गाँव) तथा एग्रो टूरिज्म के क्षेत्र में कार्यरत श्री राजेंद्र सिंह भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण तथा सतत पर्यटन विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक श्री नरेश रावत एवं श्री राकेश महरा, विद्या सोसाइटी के प्रतिनिधि श्री विजय तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन श्री आनंद प्रकाश द्वारा किया गया।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव एवं कौशल को अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए उत्तराखंड पर्यटन विभाग, टूरिज़्म हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (THSC), विद्या सोसाइटी तथा सभी प्रशिक्षकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News