उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद देहरादून के तत्वावधान में जनपद स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में किया गया। महोत्सव में जिले के बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट विकासखंडों के अति दुर्गम क्षेत्रों से पहुंचे करीब 120 बाल वैज्ञानिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम संयोजक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि महोत्सव में पांच विधाओं हिंदी/क्षेत्रीय भाषा कविता पाठ, अंग्रेजी भाषा कविता पाठ, विज्ञान मॉडल, विज्ञान नाटक और विज्ञान क्विज में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। विभिन्न विधाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 40 प्रतिभागी अक्टूबर माह में जनपद बागेश्वर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
शिक्षक संगम साह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है।
विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले छात्र लोकेश जनौटी ने कहा कि विज्ञान मॉडल और अन्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से उन्हें नई चीजें सीखने और अपनी रचनात्मकता को सामने रखने का अवसर मिला।
वहीं छात्रा स्वर्णा जोशी ने कहा कि महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों से सीखने और अपनी प्रतिभा को परखने का अनुभव बेहद उपयोगी रहा।
महोत्सव ने सीमांत क्षेत्रों के बाल वैज्ञानिकों को प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को मंच देने के साथ यह संदेश दिया कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद पहाड़ के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
