कपकोट/बागेश्वर: विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट से लापता हुए पर्यटक अभिषेक चौहान का दसवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के बावजूद राहत दलों को अब तक सफलता नहीं मिली है। बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिवार ने अब उसे खोजने या उसके बारे में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक चौहान अपने स्थानीय गाइड के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर गए थे। उनके पिता रघुराज चौहान, जो सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में अधिकारी हैं, ने कपकोट पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 29 मई को गाइड वापस लौटा और उसने जानकारी दी कि अभिषेक ढाली क्षेत्र से नीचे आते समय अचानक लापता हो गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार दुर्गम क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं। पिंडर नदी के किनारों, गहरी खाइयों, जंगलों और पहाड़ी रास्तों में कई दिनों से सघन खोजबीन की जा रही है। स्थानीय लोगों और ट्रेक रूट से परिचित व्यक्तियों की भी मदद ली जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
मंगलवार को अभिषेक के परिजन कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया से मिले और खोज अभियान को और तेज करने की मांग की। विधायक ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन अभिषेक की तलाश के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास कर रहा है।
इधर, बेटे के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने भावुक अपील करते हुए आम लोगों से भी सहयोग की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को अभिषेक के बारे में कोई जानकारी मिलती है या वह उनकी सुरक्षित खोज में मदद करता है, तो उसे 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
परिवार ने प्रशासन से मामले की हर पहलू से गहन जांच करने और खोज अभियान को और व्यापक बनाने की मांग की है। वहीं पूरे क्षेत्र में अभिषेक की सुरक्षित वापसी के लिए लोग प्रार्थना कर रहे हैं।
