**पिथौरागढ़:** जनपद पिथौरागढ़ में निजी (प्राइवेट) पंजीकरण वाले दोपहिया वाहनों को अवैध रूप से किराये पर संचालित किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने योजनाबद्ध प्रवर्तन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल तथा प्रवर्तन अधिकारी खष्टी वल्लभ जोशी के निर्देशन में विभागीय टीम ने ग्राहक बनकर अवैध स्कूटी रेंटल संचालकों से संपर्क किया और किराये पर वाहन लेने की प्रक्रिया पूरी की।
जैसे ही संचालकों ने बिना किसी वैध व्यवसायिक अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के निजी स्कूटियां किराये पर उपलब्ध कराईं, पहले से तैनात प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दोनों स्कूटियों को सीज कर दिया। जांच में पाया गया कि दोनों निजी वाहन बिना व्यवसायिक पंजीकरण और परमिट के व्यावसायिक उद्देश्य से संचालित किए जा रहे थे, जो मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी अधिरोपित किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध परमिट एवं आवश्यक अनुमति के निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग पूरी तरह अवैध है।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान पिथौरागढ़ में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस दौरान कुछ लोग निजी स्कूटी और बाइक को अवैध रूप से किराये पर देकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे वाहनों के पास न तो व्यवसायिक संचालन की अनुमति होती है और न ही यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन किया जाता है। दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को कानूनी और वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की डिकॉय (Decoy) कार्रवाई जारी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर विभाग के कर्मचारी ग्राहक बनकर अवैध रेंटल कारोबार की जांच करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन सीज करने सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और वैध माध्यमों से ही किराये पर वाहन लें तथा बिना अनुमति संचालित रेंटल सेवाओं का उपयोग करने से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध स्कूटी एवं बाइक रेंटल कारोबार के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
