बीमार व घायल पशुओं के उपचार को मिली मजबूती: अनटाइड फंड से खरीदी गई 10 एनिमल लिफ्टिंग मशीनों का लोकार्पण, दूरस्थ क्षेत्रों तक मिलेगी निःशुल्क सुविधा

खबर शेयर करें -

जनपद में बीमार, घायल एवं अशक्त पशुओं की सहायता के लिए जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे द्वारा पशुपालन विभाग को अनटाइड फंड के माध्यम से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई धनराशि से मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 10 एनिमल लिफ्टिंग मशीनों की खरीद की गई है। इन आधुनिक मशीनों का लोकार्पण विधायक पार्वती दास एवं अध्यक्ष जिला पंचायत शोभा आर्या द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

लोकार्पण के अवसर पर विधायक ने निर्देश दिए कि इन मशीनों को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के पशुपालकों को भी इस सुविधा का समुचित लाभ मिल सके। अध्यक्ष जिला पंचायत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मशीनों की उपलब्धता से अब बेजुबान पशुओं के उपचार में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने इस प्रयास के लिए जिलाधिकारी एवं पशुपालन विभाग की प्रशंसा की।


मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. जोशी ने बताया कि अक्सर बीमार एवं घायल पशु स्वयं उठने में असमर्थ होते हैं, जिससे उनका उपचार करना कठिन हो जाता है। ऐसी स्थिति में ये मशीनें पशुओं को सुरक्षित रूप से उठाने एवं बेहतर उपचार प्रदान करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने बताया कि सभी मशीनों को शीघ्र ही दूरस्थ पशु चिकित्सालयों तक भेज दिया जाएगा तथा यह सेवा पशुपालकों को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पी.के. जोशी, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव कोहली, सचल पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या सती सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News