देहरादून में जून तक पूरी होगी अंडरग्राउंड केबलिंग, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून शहर में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर सरकार ने काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित बैठक में ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी देहरादून के साथ प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य हर हाल में जून माह तक पूरा किया जाए।

मुख्य सचिव ने पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) को कार्य में तेजी लाने के लिए नई रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में एक साथ कई जगह काम शुरू करने के बजाय कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही काम शुरू किया जाए और वहां अधिक श्रमिक लगाकर कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। इससे एक ओर जहां काम जल्दी पूरा होगा, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों को कम परेशानी झेलनी पड़ेगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एक स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही दूसरे स्थान पर खुदाई की अनुमति दी जाए, ताकि अनावश्यक रूप से सड़कों को नुकसान न पहुंचे। इसके साथ ही जिलाधिकारी देहरादून को अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल और पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News