चुरू:राजस्थान के चुरू जिले में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया। करीब दोपहर 2 बजे तेज काली-पीली आंधी और विशाल रेतीले बवंडर ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आसमान धूल के घने गुबार से ढक गया और सूरज पूरी तरह ओझल हो गया। कई इलाकों में लोगों को कुछ मीटर दूर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था।
आंधी का असर सड़क यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंचने से वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों ने सुरक्षा के लिए अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए। तेज हवाओं के कारण जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव के बाद जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। बारिश और तेज हवाओं से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को काफी राहत मिली। चुरू समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान में गिरावट महसूस की गई।
इसी बीच चुरू के डीबी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के पास आग लगने की घटना भी सामने आई। हालांकि अस्पताल प्रशासन और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौसम विभाग ने पहले ही पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
