रामघाट से सरयू नदी में कूदा युवक,पुलिस की तत्परता से सकुशल निकाला गया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर के रामघाट क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि तेज बहाव के कारण युवक करीब 70 मीटर तक नदी में बहता चला गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने नदी किनारे से युवक पर लगातार नजर बनाए रखी और उसे सुरक्षित किनारे की ओर आने के लिए प्रेरित किया। युवक को तैरना आता था, जिसके चलते वह बहते हुए अपेक्षाकृत कम बहाव वाले हिस्से तक पहुंच गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल नदी से बाहर निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। हालांकि मामले के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News