भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को जिलेभर में धूमधाम एवं श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ ही संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
तय कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9 बजे लोक निर्माण विभाग तिराहे पर स्थापित भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके उपरांत प्रातः 9:30 बजे चौक बाजार में मुख्य समारोह आयोजित होगा। मुख्य कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भी पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पंत पार्क में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए। पार्क में रंग-रोगन का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। वहीं चौक बाजार स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, टेंट, कुर्सी, माइक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नगर पालिका द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
पंत जयंती के अवसर पर काव्य गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह गरिमापूर्ण एवं भव्य ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिला शिक्षा अधिकारी आशा राम सहित गोविंद भंडारी, दलीप खेतवाल, दीप जोशी, इंद्र सिंह परिहार, किशन सिंह मलड़ा, नरेंद्र खेतवाल, रमेश प्रकाश पर्वतीय सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
