चंतोला मोटर मार्ग के डामरीकरण को मिलेगी रफ्तार, 10.22 करोड़ का प्रस्ताव NRRDA को भेजा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। विधायक कार्यालय कपकोट में शनिवार को कांडा-कमस्यार क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधायक से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस दौरान ग्राम पंचायत चंतोला को जोड़ने वाले बेरीनाग-कपतोला-दौलीगाड़-चंतोला मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह मोटर मार्ग लंबे समय से ग्रामीणों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। सड़क की स्थिति खराब होने से स्थानीय लोगों, किसानों और स्कूली बच्चों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मार्ग के शीघ्र डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग की।

चर्चा के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों को अवगत कराया कि मोटर मार्ग के निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹10 करोड़ 22 लाख की लागत से 8.04 किलोमीटर मार्ग का आगणन भारत सरकार की नेशनल रूरल रोड्स डेवलपमेंट एजेंसी (NRRDA) को प्रेषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि धनराशि अवमुक्त कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने आश्वासन दिया कि बजट स्वीकृत होते ही मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू कराने की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांडा-कमस्यार क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी और सर्वांगीण विकास के लिए सड़क सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News