गरुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, आइसक्रीम और शराब के 6 नमूने जांच को भेजे

खबर शेयर करें -

गरुड़, 7 मई 2026। पर्यटन सीजन और बढ़ती गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गरुड़ क्षेत्र में बड़े स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह अभियान अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों पर संचालित किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने गरुड़ क्षेत्र के रिटेल दुकानों और मदिरा के ठेकों की जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना था। जांच के दौरान टीम ने आइसक्रीम के 4 नमूने, बीयर का 1 नमूना और अंग्रेजी रम का 1 नमूना लिया। कुल 6 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान विभाग को कई अनियमितताएं भी मिलीं। एक डिस्ट्रिब्यूटर द्वारा मौके पर जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। वहीं, एक अंग्रेजी मदिरा के ठेके पर एफएसएसएआई लाइसेंस नहीं मिलने पर विभाग ने चालान की कार्रवाई की।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कहा है कि पर्यटन सीजन और गर्मी के मौसम में इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। विभाग का कहना है कि खराब और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।

विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी गुणवत्ताहीन या संदिग्ध खाद्य पदार्थ बिकते दिखाई दें तो इसकी शिकायत तुरंत टोल फ्री नंबर 1800-180-424 पर दर्ज कराई जा सकती है।

यह अभियान सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बागेश्वर के निर्देशन में चलाया गया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News