सीएम धामी के बागेश्वर दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं को लिया गया हिरासत में

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बागेश्वर जनपद आगमन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन की आशंका के चलते पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सभी की तत्काल रिहाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना राजनीतिक दलों का अधिकार है।

कपकोट और बागेश्वर में हिरासत में लिए गए नेता

कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कपकोट में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, कार्यालय प्रभारी कुंदन गोस्वामी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कमलेश गढ़िया, प्रेम दानू, महिमन गढ़िया, भुपेश ऐठानी, चामू देवली, सुंदर सिंह गढ़िया, प्रमोद मेहता, महेश कपकोटी, संजू बिष्ट, राम सिंह गढ़िया, नंदन गढ़िया, नवीन जोशी, कमलेश कपकोटी, पवन सौरागी, गोविंद गढ़िया और राजेंद्र कोरंगा सहित अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया।

वहीं, बागेश्वर में प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेंद्र सिंह टंगड़िया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव भगवत सिंह डसीला और युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गौरव परिहार को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। कांग्रेस के अनुसार, हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को कोतवाली बागेश्वर एवं कपकोट में रखा गया।

बेरोजगारी, पलायन और महंगाई के मुद्दे उठाए

भगवत सिंह डसीला ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, सड़क और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। डसीला ने हिरासत में लिए गए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News