बीडी पांडेय परिसर में मनाया गया नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम

खबर शेयर करें -

रिपोर्ट: लता प्रसाद

बागेश्वर। माई भारत के तत्वावधान में बी.डी. पांडेय परिसर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें चित्रकला, घोषवाक्य लेखन, भाषण प्रतियोगिता, लोकनृत्य, लोकसंगीत, रील एवं लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक और स्लैम पोएट्री जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों में नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को सामने रखा। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।

आयोजकों ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि युवाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। ‘नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव है’ संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News