मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण एवं राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद बागेश्वर में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही स्वास्थ्य, आयुष, टीबी उन्मूलन एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श, औषधि वितरण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।
राजकीय होम्योपैथिक जिला चिकित्सालय, बागेश्वर की टीम ने नुमाइशखेत मैदान, बागेश्वर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभाग किया। प्रभारी जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखा सम्मल ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया, जबकि फार्मेसी अधिकारी प्रदीप कुमार द्वारा निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 116 लाभार्थियों को निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कार्यालय में भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। वहीं, विक्टर मोहन जोशी राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, स्वास्थ्य शिविर तथा आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविर में 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
नुमाइशखेत मैदान, बागेश्वर में आयोजित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर में 106 लाभार्थियों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण की सुविधा प्रदान की गई। इसी क्रम में आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र पिंगलो की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज मेगड़ी स्टेट में हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगवान धन्वन्तरि पूजन के बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन चंद्र ने आयुर्वेद के मौलिक सिद्धांतों, दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार एवं पथ्य-अपथ्य के संबंध में जानकारी दी। साथ ही किशोरावस्था में पोषण, नशा मुक्ति एवं कैरियर काउंसलिंग के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में 45 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण किया गया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकासखंड गरुड़ में ग्राम प्रधानों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर पाठक ने ग्राम स्तर पर टीबी की पहचान, जांच, उपचार एवं बचाव में जनप्रतिनिधियों की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने टीबी के लक्षणों की समय पर पहचान एवं जांच कराने के लिए लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इसके साथ ही जिला पंचायत द्वारा गरुड़-गागरीगोल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। लोगों से नियमित साफ-सफाई रखने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियानों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की अपील की गई।
जनपद में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही आयुर्वेद एवं योग, टीबी उन्मूलन, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति व्यापक जन-जागरूकता विकसित करना है। विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
