कपकोट ब्लॉक की ग्राम पंचायत वाछम के दूरस्थ तोक जातौली में आज भी सड़क और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। मंगलवार को गंभीर रूप से बीमार 50 वर्षीय दुर्गा देवी को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। मजबूरन ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें डोली में बैठाकर करीब 10 किलोमीटर पैदल खाती मोटर मार्ग तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें खाती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
ग्राम प्रधान दिनेश सिंह दानू ने बताया कि जातौली के करीब 30 परिवार आज भी मोटर मार्ग और मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। यदि क्षेत्र में नेटवर्क की सुविधा होती तो ‘108’ एम्बुलेंस सेवा को सूचना देकर मरीज को सीधे जिला अस्पताल भेजा जा सकता था। उन्होंने बताया कि लगभग छह महीने पहले जिला मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी कपकोट और क्षेत्रीय विधायक को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए V-SAT या सैटेलाइट फोन सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार मांग और आवेदन के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि प्रशासन को जल्द सड़क, मोबाइल नेटवर्क और आपातकालीन संचार व्यवस्था उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी मरीज की जान जोखिम में न पड़े और लोगों को ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
