चारधाम यात्रा और वीकेंड को लेकर देहरादून में हाई अलर्ट, शहर को 4 सुपर जोन में बांटा गया

खबर शेयर करें -

देहरादून: चारधाम यात्रा, वीकेंड और स्कूलों की छुट्टियों के चलते देहरादून में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू कर दी है। सर्किल ऑफिसर (ट्रैफिक) अंकित कंडारी ने बताया कि संभावित यातायात दबाव को संभालने के लिए पूरे शहर को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके तहत ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 130 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देहरादून होकर गुजरते हैं। इसके अलावा सप्ताहांत और गर्मी की छुट्टियों के कारण पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ रही है। ऐसे में प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात की स्थिति पर नजर रखने के लिए दो अतिरिक्त ड्रोन टीमों को भी लगाया गया है, जो लगातार हवाई निगरानी कर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचाएंगी।

अंकित कंडारी ने बताया कि हाल ही में शुरू हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के कारण वाहनों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए शहर के भीतर वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन प्लान की व्यवस्था तैयार की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में यातायात प्रभावित न हो। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News