हल्द्वानी में 8 अगस्त को गरजेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे, 20 हजार से अधिक लोगों के जुटने का कांग्रेस का दावा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित विशाल जनसभा की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं। गुरुवार को उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हल्द्वानी के रामलीला ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान यशपाल आर्य ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की यह रैली ऐतिहासिक होगी और हल्द्वानी से ही वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस जनसभा में 20 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। उनके अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग रैली में पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है। बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी और जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। पार्टी को उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और संगठन को प्रदेशभर में मजबूती मिलेगी। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील भी की है।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News