गरुड़ में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पंचायत की कार्रवाई, सात लोगों पर जुर्माना

KurmanchalNews
खबर शेयर करें -

औचक निरीक्षण में मिलीं कई अनियमितताएं, प्लास्टिक उपयोग और गंदगी फैलाने पर 2200 रुपये का चालान

**गरुड़, संवाददाता।** नगर पंचायत गरुड़ ने शनिवार को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए नगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल सात मामलों में 2200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिशासी अधिकारी धीरज कांडपाल के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम ने बाजार और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया। इसके अलावा पांच प्रतिष्ठानों में गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता प्रभावित करने के मामले सामने आए। वहीं कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण भी किया गया था।

नगर पंचायत ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों पर 800 रुपये, गंदगी फैलाने वाले प्रतिष्ठानों पर 1200 रुपये तथा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों और नागरिकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

अधिशासी अधिकारी धीरज कांडपाल ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान वरिष्ठ सहायक किशन सिंह बिष्ट, अवर अभियंता राहुल प्रताप गौतम, पर्यावरण पर्यवेक्षक कविता पांडे, गणेश सिंह सजवान, अजय सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना रहा।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News