श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में बागेश्वर पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुदूर क्षेत्रों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचकर आम जनता, बुजुर्गों और छात्र-छात्राओं को सुरक्षा और नियमों के प्रति सतर्क किया।
अभियान के अंतर्गत चौकी शामा पुलिस टीम ने क्षेत्र के बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके साथ चौपाल लगाई। पुलिस ने बुजुर्गों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों की जानकारी दी और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। ग्रामीणों से अपील की गई कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनजान व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। ग्रामीणों को हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने की शपथ दिलाई और अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया।
इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग व बाल कल्याण सीमिती के साथ संयुक्त रूप से रा0 बा0 इं0 कॉ0, पाये में शिविर का आयोजन कर स्कूली छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। टीम ने छात्राओं को वर्तमान समय में हो रही साइबर ठगी से बचने के गुरु सिखाए और कहा कि किसी भी अज्ञात नंबर से फोन आने पर अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी कभी साझा न करें। नशामुक्ति अभियान पर जोर देते हुए टीम ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और समाज को इस सामाजिक बुराई से सुरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
