गरुड़। बागेश्वर जिले के गरुड़ विकासखंड के छटिया गांव के कमोटिया तोक से बुधवार को भारी बारिश के बीच एक दुखद घटना सामने आई। शाम करीब 4 बजे हुई तेज बारिश के कारण गरीब, असहाय और शारीरिक रूप से दिव्यांग हंसी देवी का आवासीय मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने से परिवार बेघर हो गया और उनके सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद जोशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हंसी देवी और उनके 15 वर्षीय नाबालिग बेटे कृष्णा गोस्वामी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद प्रशासन को घटना की जानकारी देकर तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बिना देरी किए मौके का निरीक्षण किया जाए और प्रभावित परिवार को राहत राशि के साथ नया मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बताया जा रहा है कि हंसी देवी अपने नाबालिग बेटे के साथ इसी मकान में रहती थीं। अब मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद उनके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है। फिलहाल ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य ने गांव के ही एक परिवार के घर में उनके रहने की अस्थायी व्यवस्था कराई है। साथ ही हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मकान की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई थीं और मकान का एक हिस्सा भी भरभराकर गिरने लगा था। इससे परिवार पहले से ही दहशत में था। बुधवार को हुई लगातार भारी बारिश ने मकान को पूरी तरह जर्जर कर दिया और देखते ही देखते पूरा घर ढह गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर पीड़ित परिवार को राहत और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि दिव्यांग महिला और उनके बेटे को जल्द सुरक्षित आशियाना मिल सके।
