बागेश्वर/काफलीगैर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में संकुल स्तरीय सामाजिक ज्ञान महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव में मॉडल, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें न्याय पंचायत सैंज के विभिन्न जूनियर हाईस्कूल और माध्यमिक विद्यालयों की जूनियर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थल संयोजक एवं राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर के प्रधानाचार्य राजीव निगम ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान सभी विषयों में अपनी अलग पहचान रखता है। इसमें इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों का समावेश होता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान का अध्ययन विद्यार्थियों को समाज और देश को समझने में मदद करता है और भविष्य में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम का संचालन संकुल प्रभारी सैंज तारा दत्त गुरुरानी ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं के नियमों और प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने मॉडल, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और रचनात्मक सोच प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका संतोष कुमार, सुभाष कुमार, महेंद्र कुमार गढ़िया और मनोज कुमार ने निभाई।
भाषण प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल ओखलीसिरौद की कविता ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज सैंज के हरीश पांडे ने द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर कीमानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं मॉडल प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल ओखलीसिरोद के हर्षित सनवाल प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर की कशिश रौतेला द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज सैंज के अंशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में कैलाश चंद, डौली जोशी समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। महोत्सव के आयोजन से विद्यार्थियों में सामाजिक विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उनकी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और सामान्य ज्ञान को विकसित करने का अवसर मिला।
