भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

खबर शेयर करें -

स्वगणना (Self-Enumeration) की अवधि: 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक

जनगणना की अवधि: 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक

हल्द्वानी, जनपद-नैनीताल
हल्द्वानी/नैनीताल: भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सुचारू एवं सफल रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र हल्द्वानी, जनपद-नैनीताल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य संदर्भदाता के रूप में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ मुकेश सिंह नेगी तथा जनगणना मास्टर ट्रेनर के रूप में यश उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में कुल 54 फील्ड ट्रेनरों को द्वितीय चरण की जनगणना प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत एवं गहन जानकारी दी गई। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ये 54 फील्ड ट्रेनर आगामी समय में अपने-अपने नगर निगमों एवं तहसीलों के प्रगणकों (Enumerators) को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण में स्वगणना एवं जनगणना की महत्वपूर्ण तिथियों पर दी गई जानकारी:
*स्वगणना (Self-Enumeration) की अवधि: 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक*

*जनगणना की अवधि: 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक*

*परिवार अनुसूची एवं पूछे जाने वाले मुख्य प्रश्न:*
भारत सरकार के गृह मंत्रालय (महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय) की राजपत्र अधिसूचना (सं. 4325) के अनुसार, जनगणना अधिकारी परिवार अनुसूची के माध्यम से नागरिकों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछेंगे। इनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:
* व्यक्तिगत विवरण: व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि एवं आयु, वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति/पत्नी का नाम, घोषित राष्ट्रीयता, धर्म तथा जाति/जनजाति का विवरण।
* पारिवारिक एवं सामाजिक जानकारी: माता-पिता का विवरण, निःशक्तता, मातृभाषा व अन्य भाषाओं का ज्ञान।
* शिक्षा एवं साक्षरता: साक्षरता व डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में उपस्थिति, उच्चतम शैक्षणिक स्तर एवं संकाय/विषय।
* आर्थिक गतिविधियाँ व रोजगार: पिछले वर्ष किए गए कार्य का विवरण, आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग/सेवा का स्वरूप, कर्मी का वर्ग तथा कार्यस्थल तक यात्रा का विवरण।
* प्रवासन एवं निवास स्थान: जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण व अवधि तथा स्थायी निवास स्थान का पता।
* अन्य जानकारी: जीवित बच्चों की संख्या (विवाहित/महिला संदर्भ में), कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या तथा उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर, पहचान पत्र (जैसे वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) का विवरण। (नोट: पहचान दस्तावेजों के विवरण स्वैच्छिक/उपलब्धता पर आधारित हैं)।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराया गया ताकि द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर नगर निगम के चार अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह के द्वारा भी प्रतिभागियों फील्ड ट्रेनर को आवश्यक दिशा निर्देश एवं आगामी प्रगणको के प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News